दुलैहड़ (ऊना)। हरोली विस क्षेत्र के हीरा थड़ा में पुलिस ने घर में छुपाकर रखा करीब 1.23 क्विंटल चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने चूरा पोस्त रखने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। देर रात हुई अचानक कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में चूरापोस्त मिलने से नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हीरा थड़ा गांव में चूरा पोस्त बेचने का कारोबार धड़ल्ले से हो रहा है। इस पर पुलिस ने सोमवार को योजनाबद्ध से एक घर में छापामारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने घर के रसोई घर से मारबल की प्लेटों के नीचे किए गड्ढे से चूरा पोस्त की बड़ी खेप बरामद की। इसे छह प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने बोरियों को तोलने पर करीब 1 क्विंटल 23 किलो 310 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने घर में चूरा पोस्त रखने के आरोप में हीरा थड़ा निवासी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, डीएसपी हरोली अजय राणा ने बताया कि पुलिस ने चूरा पोस्त को भी कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की आगामी छानबीन शुरू कर दी है।