ऊना। जिले के एक स्कूल के प्रधानाचार्य पर शिक्षिका की शिकायत के बाद छेड़छाड़ का मामला दर्ज हो गया है। वहीं, पुलिस ने मामले की आगामी छानबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि जिले के एक सरकारी स्कूल में कुछ समय पहले प्रधानाचार्य पर स्कूल की एक शिक्षिका ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। शिक्षिका का आरोप है कि प्रधानाचार्य ने कथित तौर पर एसीआर दुरुस्त करवाने की एवज में यौन संबंध बनाने का दबाव बनाया, जिसे शिक्षिका ने अनदेखा कर दिया। लेकिन प्रधानाचार्य अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। प्रधानाचार्य के उत्पीड़न से तंग आकर महिला शिक्षक ने मामले की शिकायत महिला सेल में दी थी। महिला सेल ने जांच का जिम्मा शिक्षा विभाग को सौंप दिया। विभाग ने कमेटी गठित कर इसकी रिपोर्ट एसपी ऊना को सौंप दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रधानाचार्य के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा का कहना है कि शिक्षा विभाग की ओर से गठित कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अब शिक्षिका के बयान दर्ज किए जाएंगे।