नशीले पाउडर, गांजे के साथ महिला गिरफ्तार
एनएफएल चौक पर पुलिस ने पकड़ा, मामला दर्ज कर जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नंगल। एनएफएल चौक के पास नंगल पुलिस ने एक महिला को नशीले पाउडर और गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान नीता निवासी राजनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार देर शाम को नंगल पुलिस ने एनएफएल चौक के पास गुप्त सूचना पर नाका लगाया था। इसी दौरान पुलिस ने एक महिला को शक के आधार पर रोका जो उन्हें देखकर घबरा गई और भागने लगी। पुलिस ने जब सख्ती से महिला को रोक कर तलाशी ली तो उससे करीब 15 ग्राम नशीला पाउडर और गांजा बरामद हुआ। नया नंगल पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई सोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।