चलाली में कार से पकड़ा चिट्टा और चरस
देहरा पुलिस ने हिरासत में लिए आरोपी युवक
भरवाईं (ऊना)। भरवाईं-ढलियारा रोड पर चलाली के नजदीक देहरा पुलिस ने एक बलेनो कार से 0.8 ग्राम चिट्टा और दो ग्राम चरस पकड़ी है। देहरा पुलिस ने चलाली के नजदीक नाकाबंदी के दौरान ये कार्रवाई की। पुलिस ने कार में बैठे दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार जब रात के समय देहरा पुलिस ने भरवाईं से कुछ ही दूरी पर चलाली के पास नाका लगाया हुआ था तो भरवाईं की तरफ से आ रही कार में बैठे युवक पुलिस का नाका देखकर घबरा गए। इस पर देहरा थाना के एसएचओ प्यार सिंह, एएसआई गुरदेव सिंह और उनकी टीम ने कार को रोक कर तलाशी ली तो चालक की सीट के नीचे 0.8 ग्राम चिट्टा और एक बैग से दो ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पकड़े गए युवकों की पहचान निशांत निवासी नलेटी और शिव कुमार निवासी चलाली के रूप में हुई है। डीएसपी देहरा लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने एक कार से चिट्टा और चरस बरामद की है। उन्होंने कहा कि पुलिस युवकों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई कर रही है।