अमर उजाला ब्यूरो
भरवाईं (ऊना)। क्षेत्र के भरवाईं-मुबारिकपुर रोड पर रविवार देर रात साढ़े 12 बजे के करीब पंजाब की एक निजी बस 20 फुट खाई में जा गिरी। ये हादसा आर्यन स्कूल के नजदीक पेश आया।
गनीमत रही कि हादसे के दौरान बस में सिर्फ ड्राइवर-कंडक्टर ही थे। इनको भी किसी तरह की चोट नहीं लगी है। यातायात प्रभारी कुलविंदर ने बताया कि पंजाब तरनतारन से श्रद्धालुओं की संगत चिंतपूर्णी में माथा टेकने आई थी। घर वापसी के समय बस चिंतपूर्णी में खराब हो गई। श्रद्धालुओं ने पंजाब से और बस मंगवाई। जब पंजाब से खाली बस रात साढ़े 12 बजे चिंतपूर्णी की तरफ आ रही थी तो आर्यन स्कूल के नजदीक विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की लाइटें चालक की आंखों पड़ने से वह नियंत्रण खो बैठा। इससे बस खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान बस में ड्राइवर और कंडक्टर ही थे। शाम के समय पुलिस ने क्रेन मंगवाकर बस को खाई से निकाला। एएसआई कुलविंदर सिंह ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है।