अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। संतोषगढ़ में पुलिस ने पटाखा बुलेट चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है। स्पेशल कंपेनिंग इंचार्ज एएसआई सितार मोहम्मद के नेतृत्व में टीमों ने संतोखगढ़ के नए बस स्टैंड, संतोषगढ़-टाहलीवाल रोड, मेन बाजार संतोषगढ़ सहित कई स्थानों पर नाके लगाकर बुलेट मोटरसाइकिल में पटाखे करने वालों के चालान किए।
पुलिस की चार टीमों ने अलग-अलग जगहों पर नाके लगाकर यातायात नियमों से खिलवाड़ करने वाले बिगड़ैल चालकों के चालान काटे। इस विशेष अभियान में यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले बुलेट से पटाखे छोड़ने वाले कई चालकों के चालान काटे गए और कुछ चालकों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
सितार मोहम्मद ने बताया कि बुलेट से पटाखे छोड़ने वाले 14 चालकों के चालान किए गए हैं। कई चालकों से मौके पर ही चालानों का निपटारा कर साढ़े चौदह हजार रुपये की राशि वसूल की गई। कई चालकों से पटाखों वाले साइलेंसर मौके पर ही खुलवाए गए। जिला पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन न करने वाले चालकों के चालान काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि बुलेट से पटाखे छोड़ने वाले चालकों के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इसके लिए ऊना, मैहतपुर व संतोषगढ़ पर विशेष फोकस किया गया है व ऐसे चालकों के लिए पुलिस गंभीर है।