अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। क्षेत्र के रक्कड़ कॉलोनी में फर्जी फर्म बनाकर कंपनी से करीब लाखों का सामान लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित एजेंट ने मामले की शिकायत सदर पुलिस थाना ऊना में दर्ज करवाई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जसपाल सिंह निवासी गांव पथलयार तहसील बड़सर जिला हमीरपुर ने पुलिस थाना ऊना में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह पठानकोट पंजाब में पीडी ओवर सीस फर्म में बतौर मार्किटिंग एजेंट के पद पर कार्यरत है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुचेंद्र कुमार नाम के व्यक्ति ने विंद्रावन इंटर प्राइजिज रक्कड़ कॉलोनी के नाम पर से उससे ढाई-ढाई लाख का दो बार सामान मंगवाया। लेकिन फर्म के मालिक ने कंपनी द्वारा भेजे गए सामना के पैसों की अदायगी नहीं की।
पीड़ित एजेंट ने चेक किया तो रक्कड़ में विंद्रावन इंटर पराईसेस नाम की कोई भी फर्म नहीं मिली। एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित एजेंट जसपाल सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।