थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत एक 28 वर्षीय युवक की फंदा लगाने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान मनोज कुमार पुत्र जगदीश चंद (28) निवासी गांव लखरूंह तहसील बंगाणा जिला ऊना के रूप में हुई है। गौर हो कि मनोज के पिता की एक वर्ष पहले मौत हो चुकी है। मृतक के परिवार में उसकी विधवा मां, भाई और दो बहने हैं। मनोज लोक निर्माण विभाग के बंगाणा कार्यालय में तैनात था। जानकारी के अनुसार मनोज कुमार शुक्रवार को सुबह खेतों में काम करने के उपरांत ऑफिस जाने के लिए तैयार हो रहा था। घर में थोड़ा-बहुत काम करने के उपरांत मनोज ने पंखे से लटककर जीवन लीला समाप्त कर ली। इसके बारे में तब पता चला, जब मनोज की मां मनोज के कमरे में उसके बिखरे सामान को उठाने के लिए पहुंची। मां के बेटे को पंखे से लटकता देख होश उड़ गए और शोर मचाना शुरू कर दिया। मनोज लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा में ड्राफ्ट्समैन के पद पर कार्यरत था। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच में जुट गई। उधर, थाना बंगाणा प्रभारी कमलनैन शर्मा ने उपरोक्त मामले की पुष्टि की है।