फतेहपुर में व्यक्ति पर डंडों से हमला
मारपीट में गंभीर घायल व्यक्ति को पहुंचाया अस्पताल, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
क्षेत्र के निकटवर्ती गांव फतेहपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। वारदात में दोनों गुटों ने एक दूसरे पर जमकर लात-घूंसे और डंडे बरसाए। इस मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार और मेडिकल के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात के दौरान घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। जानकारी के अनुसार जसवीर सिंह निवासी गांव जट्टपुर ने मैहतपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह वीरवार को अपने काम से लौट रहा था कि फतेहपुर में 3-4 लोग रास्ता रोककर उससे मारपीट करने लगे जिससे उसे चोटें आई हैं। मारपीट में घायल जसवीर को पीठ और टांगों पर चोटें आई हैं। जसवीर को उपचार और मेडिकल के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल करवाकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने पर कार्रवाई शुरू कर दी है।