थानाकलां/बंगाणा (ऊना)। विस क्षेत्र कुटलैहड़ के बंगाणा बाजार में आग से फोटोग्राफर की दुकान जलकर राख हो गई। अग्निकांड से दुकानदार को करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान का मालिक रोहित संधू रात आठ बजे दुकान बंद करके घर को चला गया। रात करीब 11 बजे चौकीदार ने दुकान में आग की लपटें निकलते देखीं। चौकीदार ने मामले की सूचना तुरंत फोटो स्टूडियो के मालिक रोहित को दी। जब तक दुकान का मालिक रोहित दुकान में आग पर काबू पाता तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। दुकान में आग लगने से फोटोस्टेट मशीन, कैमरे, लेमिनेशन, काउंटर, फर्नीचर तथा फोटो बनाने से संबंधित सारा सामान जलकर राख हो गया।
हालांकि दुकान में आग लगने का अभी तक पता नहीं चल पाया है। डीएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आग लगने हुआ नुकसान का आकलन किया जा रहा है।