आग से पशुशाला राख, तीन लाख का नुकसान
चिंतपूर्णी के थनिकपुर में देर रात लगी आग, पशुशाला में बंधे पशु निकाले सुरक्षित
आग लगने के कारणों का नहीं हुआ खुलासा, पुलिस जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
भरवाईं(ऊना)।
थनिकपुरा में देर रात एक पशुशाला में अचानक आग भड़क गई जिससे तीन लाख का नुकसान आंका जा रहा है। हालांकि पशुशाला में बंधे पशुओं को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार थनिकपुरा में तीन भाइयों देवीदास, नवीन कुमार और राकेश कुमार पुत्र बनारसी दास की पशुशाला में देर रात को अचानक ही आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र को दी गई। दमकल टीम में चालक करतार सिंह, पूर्ण सिंह, रामलाल, कृष्ण कुमार, सुभाष चंद और राम लाल ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। गनीमत रही कि लोगों ने यहां बंधे पशुओं को समय रहते बाहर निकाल दिया। फायर ब्रिगेड के प्रभारी टेक चंद ने बताया कि आग में इमारती लकड़ी, तूड़ी सहित सामान जल गया। पीड़ित परिवारों का इस आग में करीब तीन लाख का नुकसान होने का अनुमान है। एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।