ऊना। राजकीय पीजी कॉलेज ऊना के बाहर एक बार फिर आउटसाइडरों और कॉलेज के छात्रों में खूनी झड़प हो गई। मारपीट की घटना में कॉलेज का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में दाखिल किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ऊना कॉलेज मेें बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा छात्र सोमवार दोपहर को कॉलेज के बाहर खड़ा हुआ था कि कुछ युवक आए और उसके साथ बहसबाजी करने लगे। इतने में एक युवक ने छात्र के सिर पर डंडे से हमला कर दिया और वे रक्कड़ की ओर फरार हो गए। हमले में लहूलुहान छात्र का नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के पास उपचार करवाया गया। मारपीट का मुख्य कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। इससे पहले भी कॉलेज में दो बार मारपीट हो चुकी है, जिसमें तीन छात्र घायल हुए थे। एएसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि छात्र की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।