अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत चताड़ा मोड़ के समीप पेश आए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजयदीन (30) पुत्र बिशन मेहतो निवासी पिपडिया धीरा, बेगुसराय (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतक ऊना के अजोली में मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार अजयदीन मेहतो वीरवार रात करीब दस बजे अजोली से बाइक पर सवार होकर ऊना की तरफ आ रहा था कि चताड़ा मोड़ पर पहुंचने पर अचानक ही बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। हादसे में अजयदीन को गंभीर चोटें पहुंची। स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस को दी गई। 108 रोगी वाहन की मदद से घायल अजयदीन को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अजयदीन जलग्रां में अपने किसी परिजन से मिलने के लिए आ रहा था। इसी बीच चताड़ा मोड़ पर यह हादसा हो गया। हादसे में उसके सिर पर गहरी चोटें लगने से उसकी मौत हो गई।
उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।