ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव रामपुर में कार पलटने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं दर्दनाक हादसे में कार सवार करीब तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान मुकेश कुमार निवासी हरोली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है मृतक पटवारी के पद तैनात था।
जानकारी के मुताबिक वीरवार रात करीब साढ़े नौ बजे मुकेश निवासी हरोली अपने साथियों अमरजीत व करतार सिंह निवासी हरोली और विवेक कुमार निवासी ललड़ी के साथ कार में सवार होकर हरोली से ऊना की ओर आ रहा था। हरोली-रामपुर पुल क्रॉस करने के बाद मोड़ पर अचानक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जोरदार धमाके के बाद मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। जिसके बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कार सवार मुकेश निवासी हरोली को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य तीनों घायल युवकों का उपचार जारी है। उधर एएसपी विनोद कुमार धीमान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।