रायपुर मैदान गोबिंद सागर झील में डूबा युवक
नकोदर के अंकित के रूप में हुई पहचान, गोताखोर कर रहे ढूंढने का प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
पुलिस थाना बंगाणा के तहत रायपुर मैदान स्थित गोबिंद सागर झील में एक 23 वर्षीय युवक डूब गया। युवक की पहचान अंकित कुमार पुत्र विशन दास निवासी नकोदर जालंधर के रूप में हुई है। युवक की तलाश के लिए गोताखोर भी बुलाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक के दो साथी भी हैं जो मौके पर मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार जालंधर के तीन युवक शनिवार को बाबा बालक नाथ से माथा टेककर कर नयनादेवी मंदिर जा रहे थे। रायपुर में गोबिंद सागर झील के किनारे तीनों युवक नहाने लगे। इसी दौरान एक युवक अंकित कुमार का पांव फिसल गया और गहरे पानी में समा गया। साथी दो युवकों के चिल्लाने पर स्थानीय लोग एकत्रित हुए और डूबे युवक की तलाश शुरू कर दी लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने के बाद बंगाणा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक की तलाश के लिए गोताखोर भी मंगवाए जा रहे हैं। डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस मौके पर रवाना हुई है। युवक की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।