अंब (ऊना)। बेहड़ जस्वां में पकड़े गए युवक कि निशानदेही पर पुलिस ने कोटला खुर्द से एक अन्य युवक को हिरासत में लिया है। उसके घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने 1.70 ग्राम हेरोईन भी बरामद की है। जानकारी के अनुसार वीरवार को बेहड़ जस्वां में दो ग्राम से अधिक हेरोईन के साथ पकड़े गए युवक के पुलिस रिमांड के दौरान उसने कोटला खुर्द ऊना से इसे खरीदे जाने की बात कही थी। इसके आधार पर थाना प्रभारी मोहन रावत की अगुवाई में सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह, एएसआई स्वरूप जरियाल, हेड कांस्टेबल सुमित और मनोज की टीम ने कोटला खुर्द में शनिवार को दबिश देकर भूपेंद्र कुमार के घर से 1.70 ग्राम हेरोइन पकड़ने में सफलता हासिल की है। अंब के डीएसपी धर्मचंद वर्मा ने बताया कि नशीले पदार्थों के विरुद्ध मुहिम में पुलिस को सफलता मिल रही है। पुलिस असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान में तेजी लाएगी।