भरवाईं (ऊना)। किन्नू में कुछ दिन पहले कार का दरवाजा खुलने से हुई सड़क दुर्घटना में चिंतपूर्णी पुलिस ने कार सवार लोगों को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि ट्रैफिक इंचार्ज अंजन पाल ने की है। गौर रहे कि कुछ दिन पहले होशियारपुर से एक दंपति बाइक पर सवार होकर चिंतपूर्णी माथा टेकने आ रहा था। किन्नू के पास सड़क पर जा रही कार का दरवाजा चालक ने अचानक खोल दिया। कार के दरवाजा से टकराने पर बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के दौरान कार चालक मौके से फरार हो गया था। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।