ऊना। अरनियाला में रेलवे फाटक के पास अज्ञात युवकों ने राहगीर युवक से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपी युवक फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध युवकों को थाने में तलब किया है। आरोपी युवक पंजाब के बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने युवक का छीना हुआ मोबाइल भी ढूंढ लिया है। रेलवे कॉलोनी के पास रहने वाले युवक अमरपाल ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर को पिता को खाना देने गया था। जब वह पैदल आ रहा था तो रास्ते में अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और उसे पैसे निकालने के लिए कहा। अमरपाल ने पैसे न होने की बात कही तो युवकों ने उससे मोबाइल को छीन लिया और उसे धक्का देकर भागने का प्रयास करने लगे। इतने में एक स्थानीय व्यक्ति वहां से गुजर रहा था, अमरपाल के चिल्लाने पर उस व्यक्ति ने मोबाइल छीन रहे युवकों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वे भाग खड़े हुए। युवक ने मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दो संदिग्ध युवकों को भी थाने में तलब किया। युवकों ने बताया कि वह पीरनिगाह में पंजाब से माथा टेकने आए थे। डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवकों से पूछताछ की जा रही है।