संतोषगढ़ (ऊना)। पुलिस की एसआईयू टीम ने संतोषगढ़ में नाकेबंदी कर एक ट्रक से 98 किलो चूरा पोस्त एवं 25 किलो पोस्त दाना बरामद किया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में आरोपी ट्रक चालक बलविंद्र उर्फ काला निवासी गांव कांटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की देर शाम अचानक हुई कार्रवाई से नशा माफिया में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम एसआईयू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संतोषगढ़ पुल के पास नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान टीम के सदस्यों ने संतोषगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में चूरा-पोस्त बपराम हुआ। तोलने पर चूरा-पोस्त का कुल वजन 98 किलो पाया गया। इसके अलावा 25 किलो के करीब पोस्त दाना बरामद किया गया। उधर, एसपी संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है।