रेल इंजन की चपेट में आया हेड फोन लगाए युवक
अजौली के गणेश कुमार की मौके पर मौत
अमर उजाला ब्यूरो
नंगल। रेल पटरी के साथ हेडफोन लगाकर गाने सुनना एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। सोमवार सुबह लगभग 8.45 बजे कीरतपुर साहिब से नंगल की ओर आ रहे रेलवे के डीजल इंजन की चपेट में आ जाने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
रेलवे पुलिस चौकी नंगल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर कमलेश कुमार ने बताया कि मृतक युवक की पहचान गणेश कुमार 20 वर्ष पुत्र नसीब चंद निवासी गांव अजौली के तौर पर हुई है। वह कानों में हेड फोन लग कर रेल की पटरी के साथ-साथ गांव ब्रह्मपुर की ओर आ रहा था। कानों में हेड फोन के कारण रेल के इंजन की आवाज उसे नहीं सुनाई दी। इंजन के चालक ने जब तक इंजन की ब्रेक लगाई तब तक वह चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। गौरतलब है कि कुछ समय पहले सेना में भर्ती होने के लिए कानों में हेड फोन लगा कर दौड़ लगाने की प्रेक्टिस करते पट्टी गांव का एक अन्य युवक भी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।