बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की जसाणा पंचायत के गांव मझियाणी में दो गुटों में मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। इसमें चार लोग घायल हो गए हैं। इन्हें उपचार एवं मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। उधर, पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद चारों को जमानत पर रिहा कर दिया है। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात मझियाणी में गाड़ी को साइड करवाने को लेकर दो पक्षों में आपस में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली सी कहासुनी मारपीट में तबदील हो गई। घटना के दौरान मझियाणी निवासी तरसेम लाल ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तरसेम लाल निवासी मझियाणी, किशोरी लाल भुगड़ैन, जीवन सिंह पुत्र किशोरी लाल भुगड़ैन तथा राज कुमार निवासी को मझियाणी को अपने साथ थाना ले गई, जहां पर दोनों पार्टियों की बात सुनने के बाद उनका मेडिकल करवाकर पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया। सोमवार दोपहर पुलिस ने चारों आरोपियों को एसडीएम बंगाणा के सामने पेश किया, जहां एसडीएम ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।