30 अक्तूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में जिलेभर से 16 टीमें ले रहीं हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और समाज में नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ऊना पुलिस ने सराहनीय पहल की है। पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइंस ग्राउंड ऊना में वीरवार से क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने किया। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव, एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा व संजीव भाटिया विशेष रूप से मौजूद रहे। 30 अक्तूबर तक चलने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में जिलेभर से 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। नॉकआउट शैली में खेली जाने वाली इस प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को विशेष अवसर दिया जा रहा है। पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास सराहनीय है। यह सराहनीय है कि पुलिस विभाग न केवल नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने में जुटा है, बल्कि अब डिमांड चेन को खत्म करने के लिए युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रहा है। वहीं, एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि जिला पुलिस की ओर से पुलिस स्मृति दिवस पर सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिलेभर की टीमें हिस्सा ले रही है। इस पहल से युवाओं को खेलों के लिए मंच मिलेगा। वहीं पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी खत्म होने के साथ ही युवाओं को नशों से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।