थानाकलां/ बंगाणा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बल्ह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना बंगाणा से पहुंचे हवलदार यशपाल एवं सिपाही मोहित पुरी ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने, किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया। अंत में प्रधानाचार्य राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।