बंगाणा (ऊना)। कोविड-19 में बेहतर सेवाएं देने के लिए बाल विकास परियोजना कार्यालय बंगाणा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को कंबल देकर सम्मानित किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी हरीश मिश्रा ने बताया कि कोविड-19 संकट के मद्देनजर विभाग की इन महिलाओं ने कोरोना योद्धा के रूप में अपनी जान को संकट में डालकर बेहतरीन कार्य किया है। इस कार्य के लिए बाल विकास परियोजना कार्यालय बंगाणा की 208 महिलाओं को कंबल देकर पुरस्कृत किया गया है। इससे पहले विभाग ने आशा वर्कर्स को भी विश्वव्यापी संकट के दौरान बेहतर सेवाओं के लिए सम्मानित किया था। मिश्रा ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्कर्स कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को समय-समय पर जागरूक कर रही हैं। इस मौके पर अजय शर्मा, नानक चंद, सुनीता देवी, सुदेश कुमारी, सीमा, प्रोमिला, पुष्पा, सुनंदा उपस्थित रहे।