चिंतपूर्णी (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चिंतपूर्णी में एक सितंबर से चल रहे सड़क सुरक्षा कार्यक्रम का समापन वीरवार को हुआ। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित 431 ऑवजेक्टिव प्रश्न विभिन्न परीक्षणों के माध्यम से छह दिनों तक करवाए गए। इससे विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों व सुरक्षित वाहन चलाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने और उसे दोहराने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त एक दिन इन्हीं प्रश्नों पर चर्चा एवं विस्तृत व्याख्या की गई ताकि विद्यार्थी सही उत्तरों को समझ सकें तथा महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों से परिचित हो सकें। विद्यार्थियों की समझ का आकलन करने के लिए इन्हीं प्रश्नों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी करवाई गई। समापन अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में 50 विद्यार्थियों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार वाहन चालक, यातायात नियमों के पालन तथा सड़क पर मानव जीवन की सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।