पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया दौरा, बोले- दिशा बैठक में उठाएंगे मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में 15 अक्तूबर 2021 को शुरू हुआ बहुउद्देश्यीय हाल का निर्माण लगभग तीन वर्षों बाद भी अधूरा है। इस पर पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मंगलवार को निरीक्षण किया। उनके साथ पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा, पंचायत प्रधान विजय शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कंवर ने बताया कि इस परियोजना के लिए सांसद अनुराग ठाकुर से उनके कार्यकाल में धनराशि स्वीकृत करवाई गई थी, फिर भी कार्य पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई को ऊना में होने वाली दिशा बैठक में यह मुद्दा उठाया जाएगा।पूर्व मंत्री ने कहा कि कई अन्य केंद्रीय परियोजनाएं भी अधूरी हैं और इन्हें भी बैठक में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धन की कमी नहीं है, बल्कि इच्छाशक्ति की जरूरत है। वर्तमान विधायक को इन अधूरे कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि कोई सिर्फ अपने नाम की पट्टिका लगवाना चाहता है तो लगवा ले, पर कार्य पूरे हों ताकि जनता को लाभ मिले।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एनके लखनपाल ने जानकारी दी कि परियोजना का संशोधित एस्टीमेट शिमला भेजा गया है और स्वीकृति मिलते ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण पूर्ण होने पर विद्यार्थियों को खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर मंच मिलेगा।