गगरेट नगर पंचाायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष मंजू ठाकुर और विधयक राकेश कालिया समर्थकों के साथ। संवा
गगरेट (ऊना)। तीन बार चुनाव स्थगित होने के बाद बुधवार को आखिरकार नगर पंचायत गगरेट के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न हो गया। इसमें कांग्रेस समर्थित मंजू ठाकुर को पर्ची के माध्यम से नगर पंचायत का नया अध्यक्ष घोषित किया गया। वहीं भाजपा समर्थित विकास कालिया उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। सात वार्डों वाली नगर पंचायत में अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित था। चुनाव में उस समय रोमांचक स्थिति बन गई, जब अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार बबीता और कांग्रेस समर्थित मंजू ठाकुर को चार-चार मत मिले। नगर पंचायत गगरेट में कुल सात निर्वाचित पार्षद हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के चार पार्षदों ने अपनी पार्टी की उम्मीदवार बबीता के पक्ष में मतदान किया जबकि कांग्रेस समर्थित तीन पार्षदों के साथ स्थानीय विधायक राकेश कालिया ने भी मतदान किया। विधायक का एक मत जुड़ने से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को भी कुल चार मत मिले और मुकाबला बराबरी पर पहुंच गया। दोनों उम्मीदवारों को समान मत मिलने के बाद चुनाव अधिकारी ने नियमानुसार लॉटरी (पर्ची) के माध्यम से विजेता का चयन करवाया। पर्ची में मंजू ठाकुर का नाम निकलने पर कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया, जबकि भाजपा खेमे में निराशा देखने को मिली। राजनीतिक दृष्टि से यह परिणाम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नगर पंचायत में भाजपा के अधिक पार्षद होने के बावजूद वह अध्यक्ष पद अपने खाते में नहीं ला सकी। भाजपा को उपाध्यक्ष पद पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार की जीत में विधायक राकेश कालिया का एक मत निर्णायक साबित हुआ। इस प्रकार नगर पंचायत गगरेट में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद अलग-अलग दलों के खाते में जाने से आने वाले समय में नगर पंचायत की राजनीति और विकास कार्यों पर सभी की नजरें रहेंगी। गौरतलब है कि नगर पंचायत गगरेट में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव इससे पहले लगातार तीन बार कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित हो चुके थे। चौथी बैठक में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही लंबे समय से चला आ रहा इंतजार समाप्त हो गया और नगर पंचायत को अपना नया नेतृत्व मिल गया।
गगरेट नगर पंचाायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष मंजू ठाकुर और विधयक राकेश कालिया समर्थकों के साथ। संवा