पंडोगा (ऊना)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठारबीत में शनिवार को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत सर्वेक्षण एवं मूल्यांकन किया गया। इस दौरान बाहरी मूल्यांकन दल ने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को परखा। दल ने अस्पताल की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों के उपचार और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। चिकित्सा स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मोहन लाल ने बताया कि मूल्यांकन दल ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की प्रक्रिया का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा गया। मूल्यांकन के बाद दल ने स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया और यहां किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मूल्यांकन दल में डॉ. मिर्जा फैजल रहमान और डॉ. सुमित गिल शामिल रहे। दोनों विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों का निरीक्षण किया। इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिंगारा सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मूल्यांकन प्रक्रिया में पूरा सहयोग दिया।