बड़ूही चौक पर सीटीयू बस और कार में टक्कर के बाद मौके पर एकत्र हुए लोग। संवाद
बड़ूही (ऊना)। स्थानीय चौक पर बुधवार दोपहर को सीटीयू बस और कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे में कार को मामूली नुकसान पहुंचा जबकि दोनों वाहनों के सड़क पर रुकने से चौक पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बड़ूही चौक पर सीटीयू बस और कार की भिड़ंत के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय दुकानदारों और बुद्धिजीवियों ने पहल करते हुए दोनों वाहन चालकों के बीच बातचीत करवाई, जिसके बाद आपसी सहमति से करीब आधा घंटाबाद मामला सुलझा लिया गया। ऐसे में मामले में पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई। समझौता होने के बाद दोनों वाहन चालक अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए और यातायात सामान्य हो गया। स्थानीय दुकानदारों में अश्वनी कुमार, मनीष कुमार अनिल ठाकुर और अन्य ने कहा कि बड़ूही चौक पर वाहनों की अधिक आवाजाही के चलते यहां वाहन का थोड़ी देर रुकने से भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को चौक से गुजरते समय सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत है।