थानाकलां(ऊना)। शिक्षा उपनिदेशक माध्यमिक अनिल कुमार तक्खी ने वीरवार को अपनी टीम के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चलोला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की तथा स्कूल भवन और परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय भवन की आवश्यक मरम्मत को लेकर संबंधित दस्तावेज और विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर जल्द से जल्द उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए ताकि मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक धनराशि का प्रावधान किया जा सके। निरीक्षण के उपरांत अनिल कुमार तक्खी ने विद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अशोक कुमार बैंस सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक, गैर-शिक्षक कर्मचारी तथा स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान उपस्थित रहे।