नंगल(ऊना)। क्षेत्र के बाबा ऊधो मंदिर के निकट स्थित बीएसएनएल के टावर पर चढ़ना एक ईटीटी अध्यापक को इतना भारी पड़ गया कि उन्हें उतारने के लिए प्रशासन को विशेष रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा जो आधी रात तक चला। प्रशासन ने ईटीटी अध्यापक को रेस्क्यू कर सिविल अस्पताल नंगल में भर्ती करवाया है। घटना शुक्रवार देर शाम की है जब अपनी यूनियन की विभिन्न मांगों को लेकर ईटीटी अध्यापक हरजीत सिंह 100 फीट ऊंचे बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़े ईटीटी अध्यापक पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। ज्यादा ऊंचाई पर और अंधेरा होने के कारण हरजीत सिंह ऊपर ही फंस गया। बाद में उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना मिलने पर एसडीएम नंगल सचिन पाठक के नेतृत्व में टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद रात करीब 1:30 बजे टीम ने हरजीत को नीचे उतारने में सफलता हासिल की। ईटीटी अध्यापक हरजीत सिंह ने बताया कि वह अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में रोष प्रदर्शन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब वह रात को टावर पर चढ़ा, तो उसे नहीं पता था कि वहां मधुमक्खियों का छत्ता भी है। मधुमक्खियों द्वारा हमला होने पर उन्होंने प्रशासन से उन्हें नीचे उतारने की अपील की। उधर, एसडीएम नंगल सचिन पाठक ने कहा कि प्रशासन के लिए हरजीत को सुरक्षित नीचे लाना एक चुनौती थी। रेस्क्यू कर सिविल अस्पताल नंगल में भर्ती करवाया गया है।