चुरुड़ू में प्राथमिक स्कूलों की खंड स्तरीय खेलकूद का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। राजकीय केंद्र पाठशाला चुरुड़ू में 29वीं प्राथमिक स्कूलों की खंडस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ। इसमें सेवानिवृत्त केंद्र मुख्य शिक्षक प्यारा सिंह और मुख्य शिक्षिका राजकीय प्राथमिक पाठशाला नलोह सुनीता देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जानकारी के अनुसार दो दिन तक चली खेलकूद प्रतियोगिता में लड़कों और लड़कियों के वर्ग में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल, 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शिक्षा खंड अंब के 15 केंद्र और चार निजी स्कूलों के 313 बच्चों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में कबड्डी में लड़कों में चुरुड़ू विजेता और लड़ोली उपविजेता, लड़कियों में दिलवां विजेता और भैरा उपविजेता, वॉलीबाल लड़कों में पीएमआर रपोह मिसरां विजेता और अंब उपविजेता, वॉलीबाल लड़कियों में सूरी विजेता और पीएस इंटरनेशनल स्कूल मैड़ी उपविजेता, खो-खो लड़कों में अंब विजेता और सूरी उपविजेता, खो-खो लड़कियों में अंब विजेता और चुरुड़ू उपविजेता रहा। प्रश्नोतरी में घगोह प्रथम और पोलियां पुरोहितां दूसरे स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में चुरुड़ू प्रथम और लड़ोली एवं दिलवां दूसरे स्थान पर रहे।