पुलिस मामला दर्ज करके जांच में जुटी, कोर्ट में पेश होने के बाद होगी गहनता से पूछताछ
शिवबाड़ी के नजदीक बाइक पर सवार युवक से छानबीन में हुआ बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना/गगरेट। पुलिस थाना गगरेट की टीम ने जिला हमीरपुर के एक 24 वर्षीय युवक से 2.60 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस मामले में संलिप्त आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई तेज कर दी है। डीएसपी वसुधा सूद ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी श्रवण हाउस नंबर 604 वार्ड नंबर एक गांव में डाकघर अणु तहसील व जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। बताया कि यह युवक बाइक नंबर एचपी 12 के 9730 पर सवार होकर जा रहा था। जब उसे रोका गया तो छानबीन के दौरान उसके यहां से 2.60 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने थाना गगरेट के तहत शिवबाड़ी के नजदीक युवक से यह नशीला पदार्थ बरामद किया है। बताया कि युवक के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाने के लिए जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट के निर्देशों के तहत ही उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस पूछताछ करने में जुट गई है कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और आगे कहां ले जा रहा था।