प्रथम दर्शन सेवा से वंचित हो रहे दर्शन के इच्छुक लोग
लोगों ने कहा- कम आय के नाम पर आस्था से जुड़ी सेवा बंद करना गलत
संवाद न्यूज एजेंसी
मुबारिकपुर (ऊना)। प्रथम दर्शन सेवा के नाम से चिंतपूर्णी से खाटू श्याम के लिए 23 अक्तूबर 2023 से शुरू हुई बस सेवा बीते छह माह से बंद पड़ी है। इसके बंद होने से लोगों में काफी रोष है और उन्होंने दोबारा बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। यह बस सेवा हिमाचल पथ परिवहन निगम ने शुरू की। इसे चिंतपूर्णी के विधायक ने माता चिंतपूर्णी बस स्टैंड से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की प्रथम दर्शन बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह बस माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार से राजस्थान के सीकर जिले में स्थित बाबा खाटू श्याम जी के धाम के लिए चलाई गई। चाहे सरकार के प्रयासों से एचआरटीसी ने लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के लिए बस सेवा चलाने का कदम उठाया लेकिन चंद महीनों बाद बस बंद हो गई। इस बस सेवा के शुरू होने से कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, सोलन व बिलासपुर के आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुविधा की उम्मीद बंधी थी। माता चिंतपूर्णी से खाटूश्याम रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस शाम चार बजे माता चिंतपूर्णी से तथा ऊना-चंडीगढ़-पीहोवा-हिसार-सीकर होते हुए अगली सुबह 08:20 बजे खाटू श्याम पहुंचती थी। अब लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सरकार व विभाग भी ऐसी सेवा के बंद होने के बाद इसकी सुध नहीं ले रहा। क्षेत्र के लोगों शिवकुमार, संजीव, राजेंद्र, राघव, संदीप, मुकेश, सुरजीत, सुखविंदर, पवना, कोमल, राकेश ने लोगों का कहना है कि ऐसी बस सेवा को बंद करना गलत निर्णय है। आस्था से जुड़ी सेवा को बंद किए जाने पर लोगों ने कहा कि जिला ऊना जो प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री का गृह जिला है, यहां रूट का आय न होने की बात कहकर बंद किया जाना समझ से परे है। उन्होंने बस सेवा को बहाल करने की मांग मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से की है। एचआरटीसी ऊना के आरएम रमेश धीमान ने कहा इस रूट से आय कम थी, इसलिए इसे बंद किया है।