उपायुक्त ने राजकीय उत्कृष्ट केंद्र प्राथमिक विद्यालय हरोली का किया निरीक्षण
बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास से हुए प्रभावित
बोले- शिक्षण संस्थान का गौरव होते हैं आत्मविश्वासी विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बुधवार को राजकीय उत्कृष्ट केंद्र प्राथमिक विद्यालय हरोली का दौरा कर विद्यालय की कक्षाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके आत्मविश्वास और उत्साह की सराहना की। बच्चों ने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर आत्मविश्वास के साथ दिए, जिससे उपायुक्त प्रभावित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे उत्साही छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान होते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया। उपायुक्त ने शिक्षकों के समर्पण और प्रयासों की भी प्रशंसा की और बाल मस्तिष्कों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। इसके बाद उपायुक्त ने हरोली पुस्तकालय और पंजावर स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पुस्तकालय अध्यक्ष और विद्यार्थियों से बातचीत कर सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ज्ञानवर्धन के लिए पुस्तकालय अहम भूमिका निभाते हैं और प्रशासन इनके सुचारु संचालन व गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना, बीडीओ हरोली राजेश्वर भाटिया, शिक्षा सुधार समिति के महासचिव सुच्चा सिंह कंग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।