ऊना अस्पताल में ओपीडी के बाहर जमा रोगी व साथ आए अन्य।संवाद
- फोटो : स्रोत:स्वयं
डायरिया भी हो रहा लोगों पर हावी, 507 पहुंची ओपीडी
पुरुषों के मुकाबले महिलाएं अधिक हो रही पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मौसम बदलाव का असर सीधे तौर पर दिन और रात के तापमान पर पड़ रहा है। इसके चलते बच्चे वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में बुधवार को 507 ओपीडी रिकॉर्ड दर्ज की गई। इसमें 19 बुखार और सात मरीज डायरिया से पीड़ित पाए गए हैं। इसके अलावा अन्य संक्रमण की चपेट में भी मरीज आए हैं। पुरुषों के मुकाबले महिलाएं अधिक रोगग्रस्त हो रही हैं। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संजय मनकोटिया का कहना है कि मौसम बदल रहा है। दिन के तापमान में अंतर है और ऐसे में लोग वायरल बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। अधिकतर बच्चे चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौसम के बदल रहे स्वरूप को मद्देनजर रखते हुए लोग अपने खानपान पर विशेष ध्यान दें और किसी भी प्रकार के संक्रमण से पीड़ित होने की सूरत में बिना चिकित्सक के किसी भी तरह की दवा का सेवन न करें और अस्पताल में चिकित्सक से चेकअप करवाने के बाद ही चिकित्सक की ओर से दी गई दवा का सेवन करें। स्वच्छ खानपान का इस्तेमाल करें और मौसम को ध्यान में रखें। जंक फूड से परहेज करें और बच्चों को मौसमी बदलाव के चलते में बेमौसमी खानपान से परहेज करने की सलाह दी है और कहा कि समय-समय पर लोग अपने बीपी, शुगर, ब्लड सहित अन्य टेस्ट हर महीने नियमित तौर पर करवाएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही संबंधित रोगों से निजात पाने के लिए दवा का सेवन करें।