ऊना। पुलिस थाना सदर में एक युवक ने पंजाब के जालंधर की विदेश भेजने वाली एक कंपनी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। युवक का आरोप है कि विदेश भेजने के लिए उसने कंपनी को 30 लाख रुपये दिए, लेकिन उसे विदेश नहीं भेजा गया और न उसकी रकम वापस की गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार राहुल कुमार निवासी पंजावर तहसील हरोली जिला ऊना ने शिकायत में पुलिस को बताया कि वह सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखकर जालंधर स्थित विदेश भेजने वाली कंपनी के संपर्क में आया। इसके बाद उसने विदेश जाने के लिए 30 लाख रुपये की राशि कंपनी संचालकों को अदा की, लेकिन उसके बाद भी विदेश न भेजकर संचालक टालमटोल करते रहे। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने राशि देने से इनकार कर दिया।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि विदेश जाने में बिल्कुल जल्दबाजी न करें। किसी कंपनी को अगर आप इतनी बड़ी राशि चुका रहे हो, तो पूरी जांच पड़ताल करें, ताकि आपकी जमा पूंजी को नुकसान न हो।