अंब(ऊना)। नैहरी खालसा में गोली चलने के बाद घटना स्थल का सोमवार को सीएफएसएल की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने मौके से घटना की जांच संबंधी साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना से टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। गौरतलब है कि राजेश कुमार (राजीव) पुत्र रणियां राम निवासी टिहरी ज्वालाजी कांगड़ा जिसकी पत्नी नैहर खालसा में अपने मायके में ही रहती है। वह पिछले दस दिन से वहां रह रहा था। उसका शव रविवार रात को साथ लगते वार्ड चार में एक कुएं के पास पड़ा पाया गया। उसके पास ही इसके साले की बंदूक पड़ी थी। जिसके संबंध में सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। एसपी ऊना राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले में हर एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सीएफएसएल की टीम ने सोमवार को घटना स्थल का मुआयना किया है। पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।