बोले- परिजन और कर्मचारी सीबीआई की जांच की मांग कर रहे तो सरकार को देने चाहिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की रहस्यमय मृत्यु ने राज्य में एक नई बहस को जन्म दिया है। 10 मार्च 2025 को लापता हुए नेगी का शव हाल ही में बिलासपुर जिले के भाखड़ा बांध में मिला है। उनकी मृत्यु के कारणों पर सवाल उठने लगे हैं। परिवार और कर्मचारियों ने प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना और कार्यस्थल पर प्रतिकूल माहौल का आरोप लगाया है, जिससे नेगी तनाव में थे। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने यहां जारी प्रेस बयान में चीफ इंजीनियर बिमल नेगी की मृत्यु की सीबीआई से जांच की मांग की है। उनका मानना है कि निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच से ही इस मामले के सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा। डॉ सिकंदर ने कहा कि हिमाचल के विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने भी सीबीआई जांच की मांग का समर्थन किया है। डॉ. सिकंदर ने कहा कि सीबीआई जांच की मांग को लेकर सरकार की अनिच्छा पर सवाल उठ रहे हैं। कई कर्मचारी संगठनों और परिजनों का मानना है कि उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेगी। एचपीपीसीएल के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। सांसद डॉ. सिकंदर कुमार का कहना है कि सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच होने पर ही मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित हो सकेगी। उनका मानना है कि राज्य सरकार की जांच में संभावित पक्षपात से बचने के लिए यह आवश्यक है। सरकार की सीबीआई जांच से पीछे हटने की संभावित वजहों में कई कारण हो सकते हैं।