40 से 60 रुपये प्रतिकिलो मिल रहे दाम, किसानों को बढि़या लाभ मिलने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में फूल गोभी का उत्पादन शुरू हो गया है। शुरुआती दिनों में फसल की अच्छी कीमत मिल रही है। शादियों के सीजन और नवरात्र के मध्य फूल गोभी की कीमतों ने अच्छा उछाल पकड़ा, जो कि किसानों के लिए राहत भरा साबित हुआ।
अगर इसी प्रकार फसल के अच्छे दाम मिलते रहे, तो जल्द इसके खर्च की भरपाई होकर आय शुरू हो जाएगी। जानकारी के अनुसार वर्तमान में किसानों को फूल गोभी की सब्जी मंडी में 40 से 60 रुपये प्रतिकिलो कीमत मिल रही है। हालांकि आने वाले दिनों में इस फसल की कीमतें कम हो सकती हैं, क्योंकि नवंबर और दिसंबर के मध्य अन्य राज्यों से भी फूल गोभी की सप्लाई शुरू होती है। अच्छी आमद होने पर सीधा असर कीमतों पर पड़ता है। किसान उससे पहले फसल पर हुए खर्च की भरपाई कर लेना चाहते हैं, ताकि बाद में कम कीमत होने पर भी नुकसान न झेलना पड़े।
बता दें कि ऊना जिले के मैदानी और सिंचाई सुविधा वाले इलाकों में फूल गोभी की फसल तैयार होती है। विशेषकर संतोषगढ़, ऊना और हरोली के कई हिस्सों में फूल गोभी तैयार किया जाता है। यहां के किसान इस फसल के लिहाज से अच्छी समझ रखते हैं।
कोट्स
इस बार फूल गोभी की फसल अच्छी तरह तैयार हुई है। इसमें किसी प्रकार की बीमारी या कीड़ा नहीं है। कृषि विभाग की ओर से किसानों को लगातार मार्गदर्शन किया जा रहा है। हालांकि अगर किसी प्रकार की परेशानी या दुविधा पेश आए तो किसान निसंकोच विभाग से संपर्क करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
डॉ. कुलभूषण धीमान, उपनिदेशक, कृषि विभाग, ऊना