थानाकलां में मक्की की फसल को लगा कीडा।संवाद
फसल बर्बाद होने का सताने लगा खतरा
कृषि विभाग ने दी त्वरित कीटनाशकों के छिड़काव की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के कई गांवों में इन दिनों मक्की की फसल पर सुंडी का गंभीर प्रकोप देखा जा रहा है। खेतों में लगे हरे-भरे मक्की के पौधे बड़े स्तर पर नष्ट हो रहे हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय किसानों अमरनाथ, दिलबाग सिंह, संजीव कुमार, राजेश ठाकुर, अरुण, कमल देव और रमन कुमार ने बताया कि फसल कटाई के करीब थी, लेकिन अचानक सुंडी के हमले से पत्ते और डंडियां तेजी से सड़ने लगी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार बारिश और धूप न निकलने के कारण नमी बनी हुई है, जिससे कीटों का प्रकोप और अधिक बढ़ गया है। इस संबंध में कृषि विभाग के विशेषज्ञ डॉ. सतपाल ने बताया कि यह सुंडी का मौसमी प्रकोप है, लेकिन यदि समय पर नियंत्रण नहीं किया गया तो नुकसान बड़ा हो सकता है। उन्होंने किसानों से बिना देरी के विभाग से संपर्क करने और उपयुक्त कीटनाशकों का छिड़काव करने की सलाह दी है। विभाग की टीम जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेगी।