दिल्ली की निर्माण कंपनी के खिलाफ दर्ज हुआ है मामला
क्षेत्रीय अस्पताल के समीप बन रहे भवन में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के समीप निर्माणाधीन सीसीबी भवन की दूसरी मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने दिल्ली की ठेकेदार कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह घायल अवस्था में मजदूर को क्षेत्रीय अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती करवाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय लखविंद्र कुमार पुत्र गनोर राय, निवासी बिहार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में संतोष सिंह निवासी गांव कपूर पकड़ी, थाना शिकारगंज, जिला मोतिहारी (बिहार) ने पुलिस को बताया कि सुबह लखविंद्र कुमार अन्य मजदूरों के साथ ऊना अस्पताल के निर्माण कार्य पर पहुंचा था। उसे दूसरी मंजिल पर चिनाई का कार्य सौंपा गया था। करीब 11:30 बजे काम के दौरान वह नीचे गिर पड़ा। सहकर्मी मजदूरों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काम करते समय लखविंद्र ने न तो सेफ्टी बेल्ट पहनी थी और न ही हेलमेट। जिस स्थान पर वह कार्य कर रहा था, वहां सुरक्षा संबंधी कोई इंतजाम भी नहीं किए गए थे। परिजनों व सहकर्मियों का आरोप है कि यदि निर्माण कंपनी ने आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए होते तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि घटना के संबंध में दिल्ली की निर्माण कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।