थानाकलां (ऊना)। थाना बंगाणा के अंतर्गत गांव कोट में मारपीट का एक मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 18 जुलाई की रात करीब 9 बजे की है, जब गांव कोट निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र ब्रहम दास अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जितेंद्र का रास्ता विनोद कुमार के घर के आंगन से होकर गुजरता है। शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह आंगन से होकर गुजर रहा था, तो उसका पैर वहां रखी बाल्टी और वाशिंग मशीन से टकरा गया। इसी बात को लेकर विनोद कुमार पुत्र जगदीश चंद और उनकी पत्नी आरती देवी ने उसका रास्ता रोक लिया और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट व गाली-गलौच की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है। एसपी अमित यादव ने घटना की पुष्टि की है।