नंदपुर (ऊना)। थाना अंब में मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता विनोद कुमार अत्री पुत्र दौलत राम, निवासी गांव ठठल तहसील अंब जिला ऊना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुरेश कुमार और विनोद कुमार पुत्र हरभजन सिंह निवासी गांव नंदपुर ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि विनोद कुमार ने लकड़ी के डंडे से उनके बाएं हाथ पर जोरदार वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पर उनके भांजे सोनू कुमार के साथ भी हाथापाई की गई और उसकी कमीज फाड़ दी गई। जब शिकायतकर्ता के बेटे ने विरोध किया तो आरोपी ने उस पर लोहे का डंडा उठाया, लेकिन वह बच गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि इससे पहले भी आरोपी उनके साथ मारपीट कर चुका है और उनके ऑटो को टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और विनोद कुमार अत्री का मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट में बायी कलाई की हड्डी (डिस्टल एंड ऑफ रेडियस) में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिससे यह चोट गंभीर श्रेणी में आ गई। डीएसपी अंब डॉ. वसूधा सूद ने इसकी पुष्टि की है।