ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत रक्कड़ काॅलोनी में सोमवार रात को एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह बुलेट मोटरसाइकिल खरीदकर अपने दोस्तों के साथ पठानकोट से घर के लिए आ रहा था। रास्ते में वे सभी एक ढाबे में खाना खाने रुके। इस दौरान उसके दोस्त नवदीप ने बताया कि उनके एक जानकार प्रदीप का फोन आया। प्रदीप फोन पर कहने लगा कि जो वीडियो तुम लोगों ने सोशल मीडिया पर डाला है, उसे डिलीट कर दो। इस पर नवदीप ने बोला कि यह वीडियो किसी सैलून वाले ने डाला है। उसने कहा कि मैं यह वीडियो डिलीट नहीं करूंगा। इसके पश्चात जब वह अपने दोस्तों के साथ रात के समय रक्कड़ में पहुंचा तो आरपी प्रदीप, केशव और वंटी ने उनके साथ मारपीट की और तेजधार वस्तु से वार किया। जिससे उसे काफी चोटें आई है। संवाद