स्वयंसेवियों ने श्रमदान करते हुए विद्यालय के खेल मैदान को संवारा
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिरथीपुर में सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तीसरे दिन बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. आरके संदल ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुलोचना राणा एवं अमित शर्मा ने की। प्रधानाचार्य निशा संदल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। डॉ. आरके संदल ने स्वयंसेवियों को कॅरिअर काउंसलिंग के माध्यम से जीवन में सफलता प्राप्त करने के व्यावहारिक सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्यों को स्पष्ट रखकर दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ें, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने पढ़ाई के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, समय प्रबंधन और आत्म-अनुशासन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। एनएसएस प्रभारी सुलोचना राणा एवं अमित शर्मा ने बताया कि प्रधानाचार्य निशा संदल के मार्गदर्शन में स्वयंसेवियों ने श्रमदान करते हुए विद्यालय के खेल मैदान एवं परिसर की सफाई की। शिविर की शुरुआत प्रतिदिन की भांति प्रभात फेरी से की गई, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवियों ने स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के संदेश दिए।