ऊना। जिला मुख्यालय के टक्का रोड पर एक निजी अस्पताल के साथ पार्किंग से कार चुराने का प्रयास करने वाले मुख्य आरोपी को ऊना पुलिस ने पंजाब से दबोच लिया है। इस मामले में पुलिस पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। बता दें कि शहर के टक्का रोड में बीते कुछ माह पूर्व दो युवक रात को एक कार को चुराने का प्रयास कर रहे थे। इस घटना को अंजाम देते हुए दोनों युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। शातिर तार काटकर गाड़ी को स्टार्ट करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन इसमें सफल न होने पर वह यहां से निकल गए। दोनों शातिर ऊना शहर में चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए दिन को रेकी करते थे और रात को घटना को अंजाम देते थे। शहर में रात्रि को घूमने पर वह रडार पर आ गए थे और होमगार्ड जवान व स्थानीय लोगों ने इनका पीछा भी किया था। पुलिस के पीछे लगे हुए होने के कारण शातिर झलेड़ा के समीप अपनी बाइक छोड़कर भाग गए थे और इसी बाइक के जरिये पुलिस एक आरोपी तक पहुंची। अब इस मामले में दूसरे मुख्य आरोपी की भी गिरफ्तारी हो गई है। मुख्य आरोपी भी गुरदासपुर का रहने वाला है। इस चोर के गिरफ्त में आने से अब इलाके में हुई अन्य चोरियां का भी खुलासा हो सकता है। इस संबंध में एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।