सड़क हादसे में दूसरा घायल पीजीआई में लड़ रहा जिंदगी और मौत की जंग
पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी, मृतक के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के बडूही चौक में कार और स्कूटी में जोरदार भिडंत हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलावस्था में उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया।
वहीं, घायलों की हालत को नाजुक भांपते हुए चिकित्सकों ने पीजीआई उन्हें रेफर कर दिया। इस दौरान एक युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया है, जबकि दूसरे घायल युवक का पीजीआई में उपचार जारी है। वहां पर वह जिदंगी और मौत की जंग लड रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई तेज कर दी है। भिड़ंत इतनी जोरदार हुई है कि कार और स्कूटी काफी क्षतिग्रस्त है। वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीहर पंचायत के रोहित कुमार पुत्र बतन चंद और मुनीश कुमार पुत्र हेमराज बगनाल अमबेहड़ा दोनों बुधवार देर रात को किसी काम के लिए स्कूटी एचपी-78ए 1278 पर बडूही की तरफ गए थे। वहीं, दूसरी तरफ से एक स्विफ्ट कार नंबर एचपी-80 8741 से टक्कर होने से दोनों स्कूटी सवार रोहित कुमार तथा मुनीश कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। कार चालक की पहचान एश्ल पुरी पुत्र नीरज पुरी निवासी वार्ड नंबर नौ सलोह जिला ऊना के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया है।
वहीं, घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से ऊना क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन करवाया गया। डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाज़ुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था, परन्तु रोहित की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि मुनीश कुमार का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है। उधर, पुलिस थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है। मृतक युवक रोहित कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फोटो सहित
पुलिस चौकी जोल के तहत बडूही चौंक पर कार की टक्कर से स्कूटी हादसा युक्त वाहन।संवाद
पुलिस चौकी जोल के तहत बडूही चौंक पर कार की टक्कर से स्कूटी हादसा युक्त वाहन।संवाद
पुलिस चौकी जोल के तहत बडूही चौंक पर कार की टक्कर से स्कूटी हादसा युक्त वाहन।संवाद