अंब(ऊना)। बॉम्बे पिकनिक स्पॉट के पास एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार मां-बेटा घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक दोनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल अंब ले गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लगभग 11 बजे सिद्ध चलेहड़ से कुछ दूरी पर एक स्कूटी (पीबी08एफबी 8159) को पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान कार का साइड शीशा स्कूटी से टकरा गया, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में स्कूटी चला रहे जालंधर निवासी अनिल कुमार और पीछे बैठी उनकी माता किरण बाला घायल हो गए। गिरने के कारण किरण बाला के सिर के पिछले हिस्से में चोट लगी जबकि अनिल कुमार को भी चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक ने अपनी गाड़ी रोकी और दोनों घायलों को उपचार के लिए अंब अस्पताल पहुंचाया। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।