कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो घायल
ऊना। थाना अंब के तहत नंदपुर में एक कार ने तेज रफ्तार में सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। जानकारी के अनुसार सीरत, निवासी धमेटा, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते मंगलवार को वह अपने दोस्त के साथ चंडीगढ़ से अपने घर जा रही थी। जब वे नंदपुर के पास पहुंची तो सामने से आ रही कार ने गलत दिशा में आकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी कार चालक राजेश्वर, निवासी नंदपुर, तहसील अंब, जिला ऊना के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी। डीएसपी अंब वसुधा सूद ने बताया कि मामले की जांच जारी है। संवाद
कैंटर की टक्कर से बस परिचालक घायल
ऊना। थाना मैहतपुर के तहत देहलां गांव में एक कैंटर ने एचआरटीसी की बस को टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक घायल हो गया, जबकि सवारियां बाल-बाल बच गईं। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। जानकारी के अनुसार कर्म सिंह, निवासी ठंगर, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एचआरटीसी बस का चालक है। जब वह बस धर्मशाला रूट पर लेकर जा रहा तो रात के समय देहलां गांव में एक कैंटर ने गलत दिशा में जाकर बस को टक्कर मार दी। इससे परिचालक को काफी चोटें आई हैं। कहा कि हादसा कैंटर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही से हुई। आरोपी कैंटर चालक की पहचान राज कुमार, निवासी लोअर पंजावर, तहसील हरोली, जिला ऊना के तौर पर हुई। पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। संवाद
घर में रखा सामान बाहर फेंका, केस दर्ज
ऊना। थाना बंगाणा के तहत घरलू गांव में कुछ लोगों ने एक घर में रखा सामान निकालकर बाहर फेंक दिया। इसकी शिकायत मिलने पर थाना बंगाणा की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। जानकारी के अनुसार तिलक राज, निवासी घरलू, तहसील बंगाणा ऊना ने पुलिस को दी शिकायत बताया कि मंगलवार शाम के समय उन्हीं के गांव का एक व्यक्ति कुछ अन्य लोगों के साथ उसके घर के ताले तोड़कर आंगन में घुसा और सारा सामान बहार फेंक दिया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज किया और जान से मारने की धमकी भी दी। डीएसपी हेडक्वार्टर अजय ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। संवाद